दुद्धी सोनभद्र। कस्बे में हरतालिका तीज का पावन पर्व मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव-माता पार्वती की आराधना की और अपने पति के दीर्घायु, सुख-समृद्धि व उन्नति की कामना की।
सुबह महिलाओं ने स्नान कर नई-स्वच्छ वस्त्र धारण किए और श्रद्धापूर्वक पूजा स्थलों पर भगवान शिव व माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजन के दौरान बेलपत्र, धतूरा, अक्षत, फल-फूल और सुहाग सामग्रियां अर्पित की गईं। इसके बाद भगवान शिव-माता पार्वती की कथा का श्रवण किया गया तथा सामूहिक आरती के बीच वातावरण भक्तिमय हो उठा। मां काली मंदिर और प्राचीन हनुमान मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भी महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई। शाम को भी महिलाओं ने पुनः पूजा-अर्चना कर दिनभर के व्रत को पूर्ण किया।
हरतालिका तीज व्रत को लेकर मान्यता है कि देवी पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी। उनकी इस तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें वरदान स्वरूप स्वीकार किया। उसी के स्मरण में विवाहित स्त्रियां इस दिन निर्जला उपवास कर अखंड सौभाग्य और पति की लंबी आयु की कामना करती हैं।
व्रती महिलाएं अगले दिन प्रातःकाल व्रत का पारण करेंगी।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी,विवेक सिंह