सहारनपुर में विकास की नई पहल : जनप्रतिनिधि एकजुट
खाता खेड़ी मार्ग का प्राथमिकता पर हो सुधार
सांसद इमरान मसूद, विधायक आसू मलिक, एमएलसी शाहनवाज खान ने एक स्वर उठाया मुद्दा
सहारनपुर* जनपद में पहली बार विकास के मुद्दे पर राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि एक स्वर में खड़े दिखाई दिए। आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति को दरकिनार कर सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्य ने खाता खेड़ी मार्ग के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की जोरदार वकालत की। इसे जनपद में स्वच्छ राजनीति और विकास की दिशा में एक नई पहल माना जा रहा है। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष इमरान खान के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने नगर निगम परिसर में धरना-प्रदर्शन कर खाता खेड़ी मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग उठाई थी। यही मुद्दा विकास भवन सभागार में आयोजित जिला अनुश्रवण समिति की बैठक में भी गूंजा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद इमरान मसूद ने कहा कि खाता खेड़ी मार्ग सहारनपुर की काष्ठ कला उद्योग का केंद्र बिंदु है, जिसने जिले को विश्व पटल पर अलग पहचान दिलाई है। देश-विदेश से लोग यहां आते हैं, लेकिन टूटी-फूटी सड़कें उन्हें असुविधा का सामना कराती हैं। सपा विधायक आशु मलिक ने कहा कि “एक जनपद एक उत्पाद” के तहत उद्योगों को बढ़ावा देने की बात सरकार करती है, ऐसे में काष्ठ कला उद्योग का मुख्य मार्ग खस्ताहाल होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं, सपा एमएलसी शाहनवाज खान ने भी क्षतिग्रस्त मार्ग के शीघ्र जीर्णोद्धार की मांग दोहराई। सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा एक साथ खड़ा होकर विकास को प्राथमिकता देने की यह पहल जनपद में स्वच्छ राजनीति की मिसाल बनती दिख रही है। सभी का मानना है कि यह सहमति न सिर्फ सहारनपुर के बुनियादी ढांचे को गति देगी बल्कि आने वाले समय में जनपद की राजनीति को भी नए दृष्टिकोण के साथ विकास की राह पर ले जाएगी।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़