नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग
हजारीबाग में रिम्स-2 की स्थापना हो: समाजसेवी अभिषेक कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री से की मांग
हजारीबाग। जिले की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था को देखते हुए, समाजसेवी अभिषेक कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से हजारीबाग में रिम्स-2 की स्थापना की मांग की है। उन्होंने कहा कि हजारीबाग सदर अस्पताल पर पांच जिलों के मरीजों का भार रहता है, जिसके कारण यहां की स्वास्थ्य सेवाएं दबाव में हैं।
अभिषेक कुमार ने बताया कि गंभीर बीमारियों और दुर्घटनाओं के मामलों में मरीजों को अक्सर रांची रेफर कर दिया जाता है, लेकिन समय पर इलाज न मिलने के कारण रास्ते में ही कई जानें चली जाती हैं। उन्होंने कहा कि हजारीबाग में एक बड़े और उच्च तकनीकी वाले अस्पताल की सख्त जरूरत है।
समाजसेवी ने स्वास्थ्य मंत्री से निवेदन करते हुए कहा कि हजारीबाग में पर्याप्त खाली जमीन उपलब्ध है, जिससे अस्पताल के निर्माण में कोई दिक्कत नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि रिम्स-2 की स्थापना से न सिर्फ हजारीबाग, बल्कि आसपास के पांच जिलों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य मंत्री इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान देंगे और जल्द ही हजारीबाग में एक सुसज्जित अस्पताल की नींव रखेंगे। अभिषेक कुमार ने कहा कि हजारीबाग की जनता और वह स्वयं इस पहल के लिए स्वास्थ्य मंत्री के आभारी रहेंगे।