दुद्धी (सोनभद्र)। शनिवार को क्षेत्र में सर्पदंश की तीन अलग-अलग घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। सभी पीड़ितों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में किया जा रहा है।
पहली घटना दिघुल गांव की है, जहाँ शायबा बेगम (33) पत्नी तस्लीमुद्दीन ,शनिवार अपराह्न लगभग दो बजे खेत की क्यारी का पानी खोलते समय अज्ञात सांप के काटने से घायल हो गई। उन्हें निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
दूसरी घटना रजखड़ गांव की है, जहाँ चंद्रिका (60) पुत्र भाईराम शनिवार सुबह मक्के के खेत से घास लाकर घर के पास चट्टी (सड़क )पर घास की कटिंग करते समय घास में ही बीच छिपे विषैले रसेल वाइपर (जाड़ा)सर्प ने उनके बाएं हाथ पर काट लिया। एंबुलेंस की मदद से उन्हें स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया, जहाँ उन्हें भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
तीसरी घटना झारोकला गांव की है, जहाँ रानी (18) पुत्री लालमन शनिवार शाम सात बजे घर के पास टहलते वक्त अज्ञात विषैले सांप ने काट लिया। परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
क्षेत्र में एक दिन में तीन अलग-अलग घटनाओं के बाद क्षेत्रवासियों में सर्पदंश को लेकर चिंता का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को खेतों और घास की कटाई में सतर्कता बरतने की सलाह दी है, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह