दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के रन्नु गांव में रविवार दोपहर एक व्यक्ति आकाशीय बिजली की चपेट में आने से झुलस गया। परिजनों ने तत्काल उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, रन्नु गांव निवासी देवचंद (40) पुत्र परदेशी रविवार पूर्वाह्न बकरियों को खेत में बांधने गए थे। घर लौटते समय दोपहर लगभग 12 बजे मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज गर्जन और हल्की बूंदाबांदी के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से देवचंद्र उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
घटना की भनक लगते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत एम्बुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी दुद्धी पहुंचाया ।परिजनों के मुताबिक उनकी स्थिति पहले से बेहतर बताई गई है ।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह