ऑपरेशन सवेरा: मुजफ्फरनगर पुलिस ने दबोचे तीन शातिर स्मैक तस्कर, 9 लाख की स्मैक बरामद
मुजफ्फरनगर । नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर अभियान ऑपरेशन सवेरा के तहत थाना नई मंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन तस्करों को 41.48 ग्राम स्मैक (अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये) और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने रठेड़ी कट के पास दबिश देकर तीनों आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार तस्करों की पहचान अभिनव उर्फ शुभम, हिमांशु (दोनों निवासी पचैण्डा कलां) और नितिन उर्फ टोनी (निवासी मौहल्ला गौशाला, मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि नितिन उर्फ टोनी स्मैक की तस्करी करता है और यह खेप उसने मंगलौर, उत्तराखंड से खरीदी थी।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक रूपेश कुमार, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार व कांस्टेबल गौरव कुमार शामिल रहे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़