कलेक्टर श्री वानखडे एवं पुलिस अधीक्षक वर्मा ने विकासखंड सेवढ़ा में आयोजित जन सुनवाई के दौरान सुनी 190 से अधिक आवेदकों की समस्याएं
दतिया 09 सितम्बर 2025/ नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु प्रति मंगलवार को आयोजित होने वाली जन सुनवाई कलेक्टर स्वप्निल वानखडे एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा की अध्यक्षता में दतिया जिले के विकासखंड सेवढ़ा के जनपद पंचायत भवन में सम्पन्न हुई। जन सुनवाई के दैरान सेवढ़ा क्षेत्र के विभिन्न अंचलों से आए 190 से अधिक आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उपस्थित अधिकारियों को निराकरण के लिए निर्देशित किया। अनिराकृत आवेदनों के लिये समय-सीमा निर्धारित कर अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
सेवढ़ा में आयोजित जन सुनवाई के दौरान वार्ड नम्बर 6 अनूप गंज सेवढ़ा निवासी 80 वर्षीय वृद्धा राजकुमारी बुनकर पति श्री पन्नालाल बुनकर ने आवेदन दिया कि बीपीएल कार्ड नहीं होने के कारण उसे वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नहीं दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री वानखडे द्वारा आवेदन पर गंभीरता से कार्यवाही करते हुए सीएमओ सेवढ़ा को जल्द से जल्द पेंशन स्वीकृत कराने का आदेश दिया। अंगद कालौनी सेवढ़ा निवासी रंजीत गोयल पिता फूल सिंह गोयल ने आवदेन दिया कि प्रार्थी को अपनी पुत्री के अध्ययन हेतु जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता है। जिस पर हल्का पटवारी द्वारा टीप नहीं लगाई जा रही है जिससे प्रार्थी की पुत्री का जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है। कलेक्टर द्वारा एसडीएम सेवढ़ा को तुरंत जाति प्रमाण-पत्र बनवाने तथा संबंधित पटवारी पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वार्ड नम्बर 6 सेवढ़ा निवासी नरेश कुशवाह ने आवेदन दिया कि प्रार्थी के पुत्र की 3 सितम्बर 2025 को सर्पदंश उपरांत मृत्यु को गई थी। प्रार्थी ने संबल योजना अंतर्गत आर्थिक सहायता राशि दिलवाने का आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर द्वारा सुनवाई करते हुए एसडीएम सेवढ़ा को आर्थिक सहायता दिलाने हेतु निर्देशित किया। सेवढ़ा निवासी श्रीमती रामकुमारी अग्रवाल ने आवेदन दिया कि प्रार्थिया शासकीय कन्या हायर सेेकेण्ड्री स्कूल सेवढ़ा से भृत्य पद से 31 मई 2021 को सेवा निवृत्त हो गई थी। आईएफएफएस पोर्टल पर प्रार्थिया की नियुक्ति दिनांक में संशोधन होना है जो आज दिनांक तक नहीं हुआ है। जिससे प्रार्थिया को पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। प्रार्थिया द्वारा पूर्व में भी जन सुनवाई में आवेदन दिया जा चुका है। कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारी को निर्देश देते हुए प्रार्थिया के आवेदन पर जल्द से जल्द कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार जन सुनवाई में सेवढ़ा मौजा जसवंत नगर निवासी हरीराम प्रजापति ने आवेदन दिया कि प्रार्थी के पीएम किसान सम्मान निधि की राशि आज दिनांक तक खाते मंे नहींे आई है इस संबंध मंे पटवारी से सम्पर्क किया गया परंतु कोई संतोषजनक जबाव नहीं मिला। कलेक्टर द्वारा एसडीएम सेवढ़ा को आवेदन पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जन सुनवाई के दौरान ग्राम भगुवापुरा के समस्त ग्रामीणजन ने आवेदन दिया कि ग्राम भगुवारामपुरा स्थित उपस्वास्थ्य केन्द्र बंद रहता है तथा सीएचओ केन्द्र पर उपस्थित नहीं रहते साथ ही टीकाकरण एवं दवाई वितरण कार्य ढ़ंग से नहीं किया जाता है। जबकि इस स्वास्थ्य केन्द्र पर 10 हजार से अधिक की आबादी निर्भर है। मौसमी बीमारियों एवं टीकारण के लिए ग्रामीणजन बहुत परेशान होते है। कलेक्टर श्री वानखडे द्वारा सीएमएचओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य केन्द्र नियमित रूप से खुले और ग्रामीणजन को दवाई का वितरण हो, टीकाकरण कार्य भी समय पर हो। साथ ही अनुपस्थित संबंधित सीएचओ और स्टॉफ पर कार्यवाही की जाए।
इसी प्रकार जन सुनवाई के दौरान वृद्धवस्था पेंशन, नामांतरण, बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने, सड़क निर्माण, साफ-सफाई व्यवस्था, खद्यान वितरण आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए जिसके निराकरण हेतु कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
जनसुनवाई में एसडीएम सेवढ़ा श्री अशोक अवस्थी सहित अन्य अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट गजेन्द्र सिंह यादव