सरपंच एसोसिएशन ने मांगपत्र सौंपा, सांसद ने दिया समाधान का आश्वासन
टोहाना, 15 सितंबर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार गांव-देहात के विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ग्रामीण क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं लागू की जा रही हैं। सरकार की नीति स्पष्ट है कि गांवों का विकास ही देश की असली प्रगति है।
सोमवार को सरपंच एसोसिएशन के प्रधान रणबीर गिल के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने सांसद सुभाष बराला से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पंचायत स्तर पर आ रही व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं को विस्तार से रखा और अपनी मांगों को लेकर एक लिखित मांगपत्र सौंपा सांसद बराला ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार पहले भी सरपंचों की कई मांगों को पूरा कर चुकी है और अब भी सभी व्यवहारिक मांगों को सहानुभूतिपूर्वक स्वीकार करके हल किया जाएगा। अब वे स्वयं इस मामले को सरकार तक पहुँचाकर ठोस समाधान करवाने का प्रयास करेंगे।
गांव-गांव में बढ़ेगा विकास कार्यों का दायरा
सांसद बराला ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य कर रही है। गाँवों में सड़कों, नालियों, पेयजल व बिजली की व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ डिजिटल सुविधा और खेलों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि गाँवों में रहने वाले लोग भी आधुनिक सुविधाओं से जुड़कर सशक्त और आत्मनिर्भर बनें।
सांसद खेल महोत्सव में युवाओं की भागीदारी का आह्वान
सांसद बराला ने सरपंच प्रतिनिधिमंडल से अपील की कि वे अपने-अपने गाँवों के युवाओं को आगामी सांसद खेल महोत्सव के लिए पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यह खेल आयोजन केवल प्रतियोगिता भर नहीं है, बल्कि यह युवाओं के लिए एक अवसर है जिससे उनमें खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का विकास होगा।उन्होंने कहा कि खेल महोत्सव के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का सुनहरा मौका मिलेगा और भविष्य में वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकेंगे।
सुखदेव मलिक ब्यूरो चीफ जिला फतेहाबाद हरियाणा