राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
अध्यक्ष पलक ग्रोवर ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश, 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
कटनी विजयराघवगढ़ :-कैमोर नगर परिषद द्वारा विषेश अभियान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर आज नगर परिषद कैमोर के तत्वावधान में स्वच्छता पखवाड़ा अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पलक नमीत ग्रोवर स्वयं झाड़ू लेकर श्रमदान में उतरीं और नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया।इस मौके पर नगर अध्यक्ष पलक नमीत ग्रोवर उपाध्यक्ष संतोष केवट, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष परते, सभी पार्षदगण एवं परिषद कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सामूहिक श्रमदान के तहत नगर की प्रमुख सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संकल्प लिया गया। अध्यक्ष पलक ग्रोवर ने कहा कि मोदी जी का जन्मदिवस पूरे देश में सेवा और समर्पण भाव से मनाया जा रहा है। कैमोर नगर परिषद भी इस पावन अवसर पर स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाते हुए नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ रहने का संदेश दे रही है। स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन की कुंजी है और हमें इसे आदत बनाना होगा।उन्होंने बताया कि यह स्वच्छता पखवाड़ा 17 सितम्बर से लेकर 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक निरंतर चलाया जाएगा। इस दौरान नगर में रोजाना सफाई, जनजागरूकता रैली, पोस्टर, बैनर और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।श्रीमती ग्रोवर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यह अभियान केवल सरकार या नगर परिषद का नहीं, बल्कि हर नागरिक का है। यदि हम सब अपने आसपास को स्वच्छ रखने का संकल्प लें,तो कैमोर स्वच्छ और सुंदर नगर के रूप में मिसाल कायम करेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कल विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के मार्गदर्शन में विजयराघवगढ़ संकट मोचन आश्रम में पूजा अर्चना और भंडारे का आयोजन किया गया, उसी प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए आज नगर परिषद ने स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत की है।