सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के निर्देशन में जनपद पुलिस लगातार कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए सक्रिय दिखाई दे रही है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त और सघन चैकिंग शुरू कर दी है। संवेदनशील स्थानों, मुख्य चौराहों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की मौजूदगी ने लोगों को राहत और भरोसा दिया है। बताया गया कि थाना प्रभारियों ने अपने क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल के साथ गश्त की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और राहगीरों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिसकर्मी दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुन रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कहना है कि पैदल गश्त व चैकिंग से न केवल असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगेगा, बल्कि आमजन को सुरक्षित वातावरण भी मिलेगा। पुलिस की यह कार्यवाही त्योहारों और भीड़भाड़ वाले मौकों पर विशेष रूप से कारगर साबित होगी।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस सक्रियता का स्वागत किया और कहा कि बाजारों एवं भीड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से उन्हें आत्मविश्वास मिलता है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों, छेड़छाड़, जेबकटी या अन्य आपराधिक घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़