थाना सदर बाजार पुलिस की बड़ी कार्यवाही
हैंड बैग से चोरी करने वाली दो महिला चोर गिरफ्तार
सहारनपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हैण्ड बैग से 1 लाख रुपये चोरी करने वाली दो शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की गई पूरी नकदी बरामद कर ली है।
मामला 16 सितम्बर 2025 का है, जब दिल्ली निवासी श्रीमती रितु वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता कर्ण सिंह वर्मा बैंक से 1 लाख रुपये निकालकर लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात महिलाओं ने ऑटो में उनके बैग से नकदी चोरी कर ली। इस संबंध में थाना सदर बाजार पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर ने घटना का संज्ञान लेते हुए तत्काल गिरफ्तारी व बरामदगी के आदेश दिए। पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण में, थाना सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक कपिल देव के नेतृत्व में 19 सितम्बर को मुखबिर की सूचना पर आईटीसी रोड स्थित हरि मंदिर के पास से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान आरती पत्नी सुरेश निवासी हरि नगर, थाना कैम्प, जिला पलवल (हरियाणा, रचना पत्नी जिले सिंह निवासी कैम्प कॉलोनी, थाना सदर, जिला पलवल (हरियाणा) के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों के पास से 50-50 हजार रुपये की नकदी, कुल 1 लाख रुपये बरामद किए। पूछताछ में अभियुक्ताओं ने स्वीकार किया कि वे अपने छोटे बच्चों के साथ विभिन्न शहरों में बैंकों के पास रैकी करती थीं और बैंक से नकदी निकालने वाले लोगों को ऑटो या ई-रिक्शा में घेरकर मौका पाकर उनके बैग से रुपये निकाल लेती थीं।
पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों अभियुक्ताओं को न्यायालय में पेश कर दिया है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जयवीर कुमार, उपनिरीक्षक रणवीर सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार और महिला कांस्टेबल अन्वेष की अहम भूमिका रही।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़