दुद्धी सोनभद्र। नवागत पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर रविवार की शाम दुद्धी कस्बे के म्योरपुर तिराहे पर सीओ राजेश कुमार राय के नेतृत्व में यातायात नियमों के अनुपालन हेतु सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में गुजरने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की गई। कई वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा कागजात साथ रखने के सख्त निर्देश दिए गए, वहीं चार वाहनों का वैध कागजात न मिलने पर चालान भी किया गया। इसके अलावा काली फिल्म लगे वाहनों के स्वामियों को तत्काल इसे हटाने का आदेश दिया गया।
सीओ राजेश कुमार राय ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों का पालन कराने के साथ सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, बाइक पर दो से अधिक सवारी न बैठाएं तथा अनावश्यक रूप से तेज आवाज करने वाले उपकरणों का प्रयोग न करें। इसके साथ ही चारपहिया वाहन चालक सीटबेल्ट जरूर लगाएं और बड़े वाहन चालक अपने वाहनों का वैध परमिट एवं कागजात हर समय साथ रखें।
उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर चालान के साथ-साथ अन्य कानूनी कार्यवाही भी की जाएगी।
अभियान के दौरान चौकी प्रभारी शंकर राय, उपनिरीक्षक श्यामजी यादव, कांस्टेबल सर्वेश सिंह, विनय चंद्र, विनोद सरोज सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह