नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज ब्यूरो हजारीबाग।
चौपारण में अवैध शराब भट्ठियों पर बड़ी कार्रवाई, 18,000 किलो जावा महुआ नष्ट
हजारीबाग। उत्पाद विभाग और गया मद्य निषेध विभाग ने संयुक्त रूप से चौपारण थाना क्षेत्र के भंडार, परसातरी और आसपास के इलाकों में अवैध महुआ शराब के अड्डों पर बड़ी छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान ड्रोन और ड्रम कटिंग मशीन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का भी इस्तेमाल किया गया।
भारी मात्रा में अवैध शराब और उपकरण जब्त
छापेमारी दल ने गया जिले के गुरपा थाना क्षेत्र के चोढ़ी और खैरा में भी कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 18,000 किलो किण्वित (fermented) जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही, शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और लगभग 1,200 लीटर तैयार अवैध शराब जब्त की गई।
अभियुक्तों की पहचान, FIR की तैयारी
छापेमारी के बाद, पुलिस ने अवैध शराब कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की है। सुभाष यादव, सहदेव यादव, दशरथ यादव, तौशोर, सुरेश यादव, आलम और अन्य के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
इस संयुक्त छापेमारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सैयद बशीरुद्दीन, एंथोनी बागे, गया मद्य निषेध विभाग के सहायक अवर निरीक्षक अभय कुमार, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह और सशस्त्र गृहरक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे। इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।