महराजगंज 4 अक्टूबर को घुघली के बैकुंठी धाम स्थित छोटी गंडक नदी में होने वाले दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में, शनिवार को जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मिना मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत घुघली और संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और घाटों पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए पर्याप्त पुलिस बल, गोताखोर और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने विसर्जन के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा, ताकि कोई अव्यवस्था न फैले।
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग और रूट डायवर्जन की योजना भी तैयार की जा रही है। प्रशासन ने आमजन से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का दावा है कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी और कार्यक्रम सुरक्षित व सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
छोटेलाल पाण्डेय
जिला रिपोर्टर
इंडियन टीबी चैनल
यूपी महराजगंज