नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज ब्यूरो हजारीबाग।
दुर्गापूजा: उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
हजारीबाग। आगामी दुर्गापूजा को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने आज शनिवार को संयुक्त रूप से कटकमसांडी और बड़कागांव प्रखंडों के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पंडालों की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और आयोजकों को कई अहम निर्देश दिए।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पंडाल आयोजकों से सुरक्षा में कोई लापरवाही न बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंडालों का निर्माण मजबूत और सुरक्षित होना चाहिए, ताकि खराब मौसम में भी कोई अप्रिय घटना न हो।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था पर खास जोर देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के लिए, खासकर महिलाओं और पुरुषों के लिए, प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए जाएं, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने बिजली के तारों को ढकने और अग्निशमन यंत्रों की पर्याप्त व्यवस्था रखने के भी निर्देश दिए।
अधिकारियों ने आयोजकों से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ तालमेल बिठाकर काम करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान दोनों प्रखंडों के बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद थे।