नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
झारखंड के नए मुख्य सचिव बने अविनाश कुमार; अजय कुमार सिंह को विकास आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार
रांची। झारखंड सरकार ने मंगलवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अविनाश कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। राज्यपाल के आदेश से कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।
अविनाश कुमार (आईएएस 1993 बैच) को अगले आदेश तक मुख्य सचिव पद का कार्यभार सौंपा गया है। मुख्य सचिव नियुक्त होने से पहले, वे अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा विभाग के पद पर कार्यरत थे। अविनाश कुमार इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण दायित्व संभाल चुके हैं, जिनमें मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड, प्रबंध निदेशक झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड और मुख्य स्थानिक आयुक्त, झारखंड भवन, नई दिल्ली जैसे पद शामिल हैं।
अधिसूचना के अनुसार, मुख्य सचिव का पदभार संभालने के बाद भी अविनाश कुमार मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और मुख्य स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली का अतिरिक्त प्रभार संभालते रहेंगे।
अजय कुमार सिंह को विकास आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार
प्रशासनिक फेरबदल के तहत, झारखंड सरकार ने एक अन्य आदेश में आईएएस अजय कुमार सिंह (बैच 1995) को विकास आयुक्त, झारखंड का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। अजय कुमार सिंह वर्तमान में अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के पद पर कार्यरत हैं।
झारखंड प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को राज्य की नौकरशाही में एक अहम पुनर्संरचना के रूप में देखा जा रहा है। अधिसूचना की प्रतिलिपि विभिन्न विभागों, आयोगों, उच्च न्यायालय, विधानसभा और भारत सरकार के संबंधित मंत्रालयों को प्रेषित कर दी गई है।