वन विभाग पर उत्पीड़न का आरोप, कहा– वनाधिकार अधिनियम के तहत मिले पट्टा
दुद्धी सोनभद्र।जनपद के चतरा ब्लॉक अंतर्गत पटना गांव के सैकड़ों आदिवासियों ने सोमवार को सोनांचल संघर्ष वाहिनी (सोसंवा)के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि रामलाल यादव को सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए सोनांचल संघर्ष वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट रोशन लाल यादव ने आरोप लगाया कि पटना रेंज के वन अधिकारी और कर्मचारीगण गांव के गंदूडीह टोला के करीब 200 परिवारों को जबरन खेती से रोक रहे हैं, जबकि ये परिवार बाप-दादा के जमाने से लगभग डेढ़ सौ बीघा जमीन पर काबिज हैं। उन्होंने कहा कि इन आदिवासियों की आजीविका का एकमात्र साधन यही कृषि भूमि है और वन विभाग की कार्रवाई उनके जीवन-निर्वाह पर संकट पैदा कर रही है।
रोशन लाल यादव ने मांग की कि जिला प्रशासन त्वरित कार्रवाई करते हुए वन समिति का गठन कर वनाधिकार अधिनियम के तहत उक्त भूमि पर आदिवासियों को पट्टा प्रदान करे, ताकि उन्हें उनके पुश्तैनी अधिकारों से वंचित न किया जा सके।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सोनांचल संघर्ष वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अमरनाथ चेरो ने कहा कि पटना रेंज वन विभाग द्वारा की जा रही उत्पीड़क कार्रवाई को तत्काल रोका जाए।
जिलाधिकारी के प्रतिनिधि रामलाल यादव ने आंदोलनकारियों का ज्ञापन प्राप्त किया और उनकी समस्याओं पर जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान दीपक गिरी, संदीप जायसवाल, सुदर्शन चेरो, अन्नू खा, सलमान खान, बलवंत यादव, ईश्वर चेरो, सियाराम चेरो, राजू चेरो, रामराज चेरो, जोगेंद्र चेरो, कमलेश चेरो, शांति, सुशीला, पुनिया, मुनिया, लालता, पंकज कुमार, नेपाली चेरो समेत सैकड़ों प्रदर्शनकारी उपस्थित रहे।