दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के रन्नु गांव निवासी 19 वर्षीय श्याम नारायण पुत्र विजय रविवार की रात करीब नौ बजे चौराहे से सामान लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर पहुंचे, सड़क किनारे बंधी गाय अचानक सड़क पर आ गई। इससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गाय से टकरा गई और वे गिर पड़े।
हादसे में श्याम नारायण गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गाय की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।
रात्रि में डॉ. सुनील ने उनका प्रारंभिक उपचार किया। अंदरूनी चोटें गंभीर होने पर सोमवार सुबह चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य मार्गों व चौराहों के किनारे पशुओं को बांधने से इस तरह की दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे हादसों पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह