दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र के कोलिनडुबा गांव में सोमवार अपराह्न उस समय हड़कंप मच गया जब खेत में काम कर रही एक महिला और उसकी भतीजी पर सियार(लोमड़ी) ने हमला कर दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलिनडुबा निवासी आशा देवी (24) पत्नी तपेश्वर यादव सोमवार अपराह्न लगभग साढ़े तीन बजे अपने खेत में मक्का की फसल की डांट काट रही थीं। इस दौरान अचानक एक लोमड़ी ने उन पर हमला कर दिया। आशा देवी ने अपने हाथ में हंसुआ (औजार)ली हुई थी ।हंसुआ से वार कर सियार को भगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं भागा और उसने पहले उनके पैर पर दो जगह काट लिया तथा फिर हाथ पर भी हमला किया।
महिला की चीख सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे लोमड़ी के चंगुल से छुड़ाया। लेकिन कुछ ही देर बाद वही सियार नजदीक ही खड़ी महिला की भतीजी, रानी (8 वर्ष) पुत्री कोलेश्वर यादव निवासी कोलिनडुबा, पर टूट पड़ा। बालिका अपने बड़े पिता को मोबाइल देने जा रही थी। ग्रामीणों ने जब हंसुआ फेंककर सियार पर वार किया तो वह बालिका को छोड़ हंसुआ पर झपट पड़ा। इस बीच ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए बालिका को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए घायल आशा देवी और रानी को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह की देखरेख में दोनों का उपचार जारी है।उधर इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है ।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह