फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)
जनपद फतेहपुर में आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत अवैध विस्फोटक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना हथगाँव पुलिस, राजस्व विभाग एवं फायर सर्विस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने निर्धारित लाइसेंस सीमा का खुला उल्लंघन कर अवैध रूप से भारी मात्रा में डंप किए गए करीब 55 लाख रुपये कीमत के कुल 57.83 क्विंटल विभिन्न ब्रांड के अवैध पटाखे बरामद कर एक अभियुक्त को दबोचा है।
आइसक्रीम फैक्ट्री के पास नई प्लाटिंग में मारा छापा
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर श्री अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी थरियांव के पर्यवेक्षण तथा एसडीएम खागा के नेतृत्व में 10 अक्टूबर को मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम अहिंदा में स्थित शुभम आइसक्रीम फैक्ट्री के बगल में नई प्लाटिंग पर छापेमारी की गई। मौके से 183 गत्तों, 12 बोरियों, 08 पॉलीथिन और 01 प्लास्टिक बैग में भरकर रखा गया 57.83 क्विंटल पटाखों का विशाल जखीरा बरामद किया गया।
100 किलो का था लाइसेंस, जमा कर रखा था 57 क्विंटल से अधिक माल
पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्त राहुल कुमार (पुत्र शिवशंकर साहू, निवासी ग्राम अल्लीपुर बहेरा, थाना सुल्तानपुर घोष, उम्र 32 वर्ष) ने स्वीकार किया कि उसके पास केवल 100 किलोग्राम तक पटाखे व फुलझड़ी भंडारण का ही वैध लाइसेंस था। दीपावली पर्व पर मोटे मुनाफे के लालच में उसने निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक विस्फोटक सामग्री गैरकानूनी तरीके से जमा कर रखी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना हथगाँव में मु0अ0सं0 202/2026, धारा 288 बीएनएस एवं धारा 5/9 (ख) विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की है।
संयुक्त टीम में ये रहे शामिल
इस संयुक्त कार्रवाई में नायब तहसीलदार खागा श्रीमती प्रतिमा द्विवेदी, उपनिरीक्षक उत्कर्ष मिश्रा, उ0नि0 आलोक कुमार, उ0नि0 राजन कन्नौजिया, मुख्य आरक्षी दीपक कुमार, का० रविकुमार, का० विजय कुमार, का० विपिन यादव, रि0का0 पवन यादव, रि0का0 शियम मौर्य, रि0का0 रवि प्रकाश यादव तथा अग्निशमन विभाग खागा से हे0का0 देवेन्द्र मिश्रा व का० अजीत मालाकार शामिल रहे।
पुलिस की सख्त हिदायत एवं अपील
फतेहपुर पुलिस ने सभी पटाखा कारोबारियों और आमजन से अपील की है कि वे पटाखों का भंडारण लाइसेंस में तय सीमा और सुरक्षा मानकों के अनुसार ही करें। बिना अनुमति या क्षमता से अधिक बारूद जमा करना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि किसी भीषण अग्निकांड या विस्फोट से बड़ी जन-धन हानि का कारण बन सकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
फतेहपुर ब्यूरो चीफ इशांत तिवारी की रिपोर्ट