नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
खैरगढ़ पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर नाबली गांव के शिवांश उर्फ आशिक को दबोचा, दो आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
खैरगढ़, फिरोजाबाद। थाना खैरगढ़ क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को खैरगढ़ क्षेत्र के खरगापुर गांव के मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। इससे पहले मामले में नामजद दो अन्य आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, एक नवंबर को क्षेत्र में खेतों के पास नाबालिग घायल अवस्था में मिली थी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। पीड़िता के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान दुष्कर्म से संबंधित साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।
जांच के दौरान तीन आरोपियों के नाम सामने आए थे। मामले में ग्राम सकतू निवासी ऋषि और जगत को पुलिस ने दो नवंबर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। वहीं, मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर ग्राम नाबली निवासी शिवांश उर्फ आशिक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नारायण दत्त तिवारी, उपनिरीक्षक घनश्याम सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले में पुलिस की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिपोर्टर अमित पालीवाल

