रिपोर्ट: जरीना खातून ब्यूरो चीफ
बांदा उप्र।
महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के फेज-6.0 का आज जनपद बांदा में शुभारंभ किया गया।
डीआईजी चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के नेतृत्व में शहर में वृहद जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें महिला संबंधी अपराधों से बचाव, साइबर अपराध, ऑनलाइन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और छेड़छाड़ की रोकथाम के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही करियर काउंसलिंग को लेकर भी जागरूक किया गया।
इस दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, यूपी-112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
वहीं शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीआईजी और एसपी ने भारी पुलिस बल के साथ शहर में पैदल गश्त की। रेलवे स्टेशन, बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। दुर्गा पंडालों में अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा मानकों का जायजा लिया गया और आयोजकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुसार ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की हिदायत दी गई।
बता दें कि नवरात्रि के 10 दिनों तक विशेष मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान चलाया जाएगा, जिसमें महिलाओं को शासन की कल्याणकारी योजनाओं और हेल्पलाइन के बारे में व्यापक स्तर पर जागरूक किया जाएगा।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, सीओ नगर सौरभ सिंह, सीओ सदर प्रतिज्ञा सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।