डीआईजी अभिषेक सिंह ने मिशन शक्ति कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
सहारनपुर। मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा व साइबर अपराधों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु 17 अक्टूबर को जनमंच सभागार, सहारनपुर में एक व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक चलेगा।
कार्यक्रम की तैयारी एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए। साथ ही महिला सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता तथा प्रवेश-निकास व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
डीआईजी सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति सशक्त बनाना है, साथ ही उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना भी इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है। इस दौरान छात्राओं, महिला समूहों व आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़