जालोर में मुख्य-सचेतक और सांसद का विरोध : व्यपारी बोले- परिषद के कार्मिकों के पास 50-50 प्लॉट; ACB से जांच कराओ। जालोर शहर में लोगों ने मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग और सांसद लुंबाराम चौधरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। शहर में सीवरेज जाम होने से लोगों में आक्रोश है। मंगलवार को हेड पोस्ट ऑफिस रोड पर लोगों ने मुख्य सचेतक, सांसद और नगर परिषद सभापति के नाम का बैनर लगाकर रोड जाम कर दिया। वहां से गुजरने वाले लोगों ने बैनर के साथ सेल्फी ली। जालोर में यह प्रदर्शन सोमवार से चल रहा है। मंगलवार को दूसरे दिन भी रास्ता जाम किया गया। यहां लगे एक बैनर पर लिखा है- मुख्य सचेतक व जालोर विधायक जोगेश्वर गर्ग, जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी और नगर परिषद सभापति गोविन्द टांक के राज में जालोर में विकास बह रहा है। बैनर को सीवरेज के गड्ढे के ऊपर लगाया गया। लोगों ने करीब 2 घंटे तक विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की। हालांकि पुलिस व नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और काम शुरू किया।