धनतेरस के अवसर पर कस्बा एवं क्षेत्रवासियों ने जमकर की खरीदारी
फतेहगंज पश्चिमी,बरेली। धनतेरस के अवसर पर शनिवार को कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों से आकर लोगों ने जमकर खरीददारी की। सुबह से ही बाजार में चहल-पहल शुरू हो गई, जो शाम होते-होते रौनक में बदल गई। बर्तनों की दुकानों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक शोरूम, मूर्ति विक्रेताओं और बाइक एजेंसियों तक खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी रही।
शाम से लेकर देर रात तक लोगों का खरीददारी का सिलसिला जारी रहा। कस्बे की गलियों में झिलमिलाते विद्युत दीपों और सजावट से त्योहार का उल्लास स्पष्ट झलक रहा था। व्यापारी भी ग्राहकों की भीड़ से उत्साहित दिखे, जबकि बच्चों और महिलाओं में नए बर्तन, झाड़ू, व वाहन खरीदने की उत्सुकता देखी गई।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्थानीय पुलिस लगातार नगर में गश्त करती रही। स्थानीय थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार एवं चौकी प्रभारी अनूप सिंहके निर्देशन में पुलिस बल की विशेष तैनाती बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर की गई। चौकी प्रभारी अनूप सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया, जिससे लोग शांतिपूर्वक खरीददारी कर सकें।
बताते चलें कि धनतेरस को खुशहाली, समृद्धि और स्वास्थ्य का प्रतीक माना जाता है। इसी शुभ दिन धातु, बर्तन व झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है और इसी परंपरा को निभाने के लिए फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र वासियों ने जमकर खरीददारी की।
पवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली