धनतेरस पर्व को लेकर निचलौल में पुलिस प्रशासन सतर्क, अपर पुलिस अधीक्षक ने किया क्षेत्र भ्रमण
महराजगंज, निचलौल।
आगामी त्यौहार धनतेरस के मद्देनज़र जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा थाना निचलौल क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, सर्राफा मार्केट व अन्य संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान एएसपी ने आम जनमानस से संवाद स्थापित कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लिया। उन्होंने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों व दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और सुरक्षा को लेकर आश्वस्त किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाने के पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान बाजारों में गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जाए तथा हर संभव प्रयास किया जाए कि कोई अप्रिय घटना न हो।
जनपद पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा देखने को मिला है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और सहयोग का आश्वासन दिया।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)