नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
पुलिस संस्मरण दिवस: हजारीबाग में शहीद जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि
एसपी अंजनी अंजन ने कहा- शहीदों का त्याग और बलिदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत
हजारीबाग। पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर मंगलवार को हजारीबाग पुलिस लाइन में एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंजनी अंजन ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद जवानों को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
एसपी अंजनी अंजन ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि पुलिस बल के शहीद जवानों का त्याग और बलिदान समाज के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी विपरीत परिस्थितियों में भी राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं, जिनका ऋण चुकाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम में उपस्थित एसडीपीओ, डीएसपी, मेजर, सार्जेंट मेजर सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों ने भी एक-एक कर शहीद वीरों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। सभी ने शहीदों की कर्तव्यनिष्ठा, अदम्य साहस और राष्ट्रसेवा की भावना को नमन किया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने शहीद जवानों के परिजनों से विशेष मुलाकात की।
उन्होंने उनके दुःख-दर्द को साझा करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। सभी उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने संकल्प लिया कि वे शहीद जवानों के अधूरे सपनों को पूरा करने तथा राष्ट्रसेवा के मार्ग पर सदैव समर्पित रहेंगे।