दुद्धी सोनभद्र। थाना क्षेत्र के दिघुल ग्राम निवासी 70 वर्षीय रामप्रसाद की सोमवार को ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रामप्रसाद रोज की तरह गाय चराने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान ठेमा नदी रेलवे गेट से पश्चिम दिशा में करीब 300 मीटर दूर किसी ट्रेन की टक्कर से वे गंभीर रूप से घायल हो गए और पुलिया के नीचे पानी में गिर पड़े, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी सोमवार की शाम करीब चार बजे ग्रामीणों ने परिजनों और दुद्धी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है।
मृतक के बड़े पुत्र गुलाबचंद ने बताया कि उनके पिता घायल अवस्था में पुलिया के नीचे पानी में मिले थे। मृतक अपने पीछे तीन पुत्र और तीन पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। सभी बच्चे विवाहित हैं।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह