नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
छठ पर्व की तैयारीयों को लेकर उपायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में माध्यम से की समीक्षा बैठक
आगामी छठ महापर्व को लेकर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन द्वारा आज वेबिनार माध्यम से जिले के सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। बैठक में छठ पर्व के दौरान आमजन की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों की समय पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था,बैरिकेटिंग एवं अंधेरे क्षेत्रों में अतिरिक्त लाइट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को घाटों का पूर्व निरीक्षण कर संभावित समस्याओं की पहचान करने एवं संबंधित विभागों द्वारा उनका समय पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने नगर निगम को विशेष रूप से घाटों की साफ-सफाई और कचरा निष्पादन पर ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को भी प्राथमिकता में रखते हुए अफवाह या भ्रामक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा। उपायुक्त ने आयोजन समितियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सभी तैयारियाँ समय से पूर्ण करने पर बल दिया ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को छठ घाटों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक प्लान बनाकर उसका सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निरंतर स्थल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने, अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से भीड़ प्रबंधन एवं आपात सूचना प्रसारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। घाटों में पटाखों के प्रयोग पर रोक लगाने तथा इसके लिए वैकल्पिक स्थल चिन्हित करने को कहा गया। साथ ही ग्रामीण इलाकों के छठ घाटों में संबंधित मुखिया एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान सभी स्वास्थ्य केंद्र व बर्न वार्ड को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था और उत्सव का प्रतीक है। इस पावन पर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु सभी अधिकारी आपसी समन्वय और तत्परता से कार्य करें।