नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
सेवा ही लक्ष्य: झारखंड पुलिस की बड़ी कामयाबी, कोयला कंपनियों को धमकी देने वाले PLFI के 02 सक्रिय सदस्य गिरफ्तार
हजारीबाग। झारखंड पुलिस को हजारीबाग जिले में कोयला खनन कंपनियों को पीएलएफआई (PLFI) के नाम पर धमकी देकर लेवी वसूलने की कोशिश करने वाले दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव के कार्यालय द्वारा मंगलवार 28 अक्टूबर 2025 को यह जानकारी एक प्रेस-विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को दिनांक 27 अक्टूबर 2025 को रात करीब 9:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि केरेडारी थाना (पगार ओ०पी०) क्षेत्र अंतर्गत पचड़ा जंगल में प्रतिबंधित टीएसपीसी (TSPC) संगठन के दस्ता के कुछ सदस्य किसी घटना को अंजाम देने के लिए घूम रहे हैं।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक महोदय ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागाँव के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया।
घेराबंदी कर दो अपराधी पकड़े गए
जब छापामारी दल पचड़ा जंगल पहुंचा, तो तीन व्यक्ति बैठे हुए दिखे। पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे। पुलिस बल ने घेराबंदी कर दौड़ाकर दो व्यक्तियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान: प्रदीप कुमार गंझु उम्र 28 वर्ष, लुकुईया, चतरा। विनय कुमार उम्र 27 वर्ष, पचड़ा, हजारीबाग
एक अन्य व्यक्ति, जिसकी पहचान बिगा पासवान उर्फ बुढ़उ के रूप में हुई है, जंगल और अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा।
धमकी और उगाही का खुलासा
गिरफ्तार व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पास से पीएलएफआई संगठन के पर्चे, पोस्टर, राउटर और मोबाइल बरामद किए गए।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पूर्व में केरेडारी (पगार ओ०पी०) थाना क्षेत्र अंतर्गत कार्यरत विभिन्न कोयला खनन कंपनियों के अधिकारियों को लेवी मांगने के लिए धमकी भरे मैसेज और कॉल कर चुके हैं।
इन्हें दी गई थी धमकी: एनटीपीसी के एमडीओ: ऋत्विक और बी०जी०आर०, सीसीएल के एमडीओ: चन्द्रगुप्त के जी०एम०
उन्होंने यह भी बताया कि 20/21.09.2025 की रात्रि में पगार थाना क्षेत्र में पीएलएफआई का धमकी भरा पर्चा कंपनी के क्षेत्र में साटा गया था।
बरामद सामान और आपराधिक इतिहास
बरामद सामान: कुल 12 पीस पीएलएफआई का पर्चा और एक हस्तलिखित धमकी भरा पोस्टर।
तीन एंड्रॉइड मोबाइल सेट और राउटर।
एक पल्सर मोटरसाइकिल (रजि न०-JH02AS8160)।
गिरफ्तार प्रदीप कुमार गंझु और विनय कुमार का विभिन्न थानों (सिमरिया, बालुमाथ, गिद्धौर, टंडवा, केरेडारी) में हत्या, आर्म्स एक्ट, धमकी, और सीएलए एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक इतिहास रहा है।
छापामारी दल: यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार (बड़कागांव) के नेतृत्व में की गई। टीम में पु०अ०नि० विवेक कुमार (थाना प्रभारी, केरेडारी) और पु०अ०नि० दिनेश कुमार मंडल (ओ०पी० प्रभारी, पगार) समेत सशस्त्र बल शामिल थे।