दुद्धी सोनभद्र।इन दिनों क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के गड़दरवा गांव में शुक्रवार की भोर करीब साढ़े तीन बजे बारिश के चलते एक खपरैल कच्चा मकान ढह गया। हादसे में मलबे में दबकर एक बकरी की मौत हो गई, जबकि घर के मालिक 35 वर्षीय रामचरन पुत्र विमलेश को हल्की चोटें आईं।
ग्राम प्रधान जयबाबू ने बताया कि घटना के समय रामचरन अपने छोटे बेटे के साथ चारपाई पर सो रहे थे। सौभाग्य से मलबा बच्चे के ऊपर नहीं गिरा, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। उन्होंने बताया कि रामचरन अपने पूरे परिवार के साथ इसी कच्चे मकान में रहते थे। घर ढह जाने से परिवार बेघर हो गया है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि घटना की सूचना देने के लिए कई बार संबंधित लेखपाल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लेखपाल न तो फोन रिसीव करते हैं और न ही गांव में कभी निरीक्षण के लिए आते हैं।
बारिश से हुए इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग की है, ताकि प्रभावित गरीब परिवार को राहत मिल सके।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह