सोनभद्र ।जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि अभियान के तहत शाहगंज थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह क्विंटल 25 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान ओडिशा के ढेंकनाल जिले के रहने वाले दिलीप कुमार देहुरी और संतोष कुमार साहू के रूप में हुई है। दोनों छह पहिया टाटा कंटेनर में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे।
तलाशी के दौरान कंटेनर बाहर से खाली दिखाई दिया। जांच करने पर उसके आगे के हिस्से में लोहे की चादरों को वेल्डिंग कर बनाया गया विशेष केबिन मिला। पुलिस ने केबिन खुलवाकर उसमें छिपाकर रखा गया गांजा बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे की खेप मिर्जापुर में एक व्यक्ति को पहुंचाई जानी थी। मामले में सामने आए अन्य लोगों और अंतरराज्यीय नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टाटा छह पहिया कंटेनर, दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। वाहन की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजा, वाहन और अन्य सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ 30 लाख रुपये है। आरोपियों के खिलाफ शाहगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया गया है।
