नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा: हजारीबाग के दिगवार में भू-माफिया पर होगी कड़ी कार्रवाई, प्रशासन ने जांच तेज की
हजारीबाग। सदर प्रखंड के दिगवार क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामले सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है। भू-माफिया और जालसाज फर्जी कागजात तैयार कर लगभग 50 से 200 एकड़ सरकारी भूमि को अवैध रूप से बेच रहे हैं।
यह पूरा खेल सरकारी भूमि को फर्जी खाते (रैयती भूमि) में तब्दील कर फर्जी डीड बनाकर चलाया जा रहा है। दिगवार के ग्रामीणों ने स्थानीय उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर इस अवैध बिक्री और घेराबंदी की शिकायत की थी।
प्रशासनिक पहल: शिकायत मिलने पर प्रशासन हरकत में आया। सूचना मिलते ही सदर अंचल के अंचलाधिकारी राम बालक कुमार ने मौके पर पहुंचकर मामले की जाँच की।
जांच के क्रम में अंचलाधिकारी ने पाया कि कुछ भू-माफिया ग्रामीणों को डरा-धमका कर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करवा रहे हैं, लेकिन प्रमाणिकता के अभाव में भू-माफिया का कब्जा सरकारी जमीन पर नहीं हो पाएगा।
राम बालक कुमार ने भू-माफिया के कारण सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा वर्जित होने की बात दोहराई।
अधिकारी का सख्त निर्देश: अंचलाधिकारी ने भू-माफियाओं और फर्जी कागजात बनाकर कब्जा करने वालों को न्याय संगत एवं उचित नोटिस के बाद भी यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
उन्होंने दिगवार की सरकारी जमीनों की बाउंड्री तोड़ने और अवैध कब्जे से मुक्त कराने का आदेश दिया।
ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया है कि अवैध कब्जा हर हाल में हटाया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।