दुद्धी सोनभद्र। प्रथम सात दिवसीय जिला महिला फुटबॉल चैम्पियनशिप 2025 का शुभारंभ गुरुवार को दुद्धी के टाउन क्लब मैदान में हुआ। जिला फुटबॉल संघ सोनभद्र के तत्वावधान में आयोजित इस चैम्पियनशिप के उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि पूर्व चेयरमैन नगर पंचायत रेनुकूट निशा सिंह रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता दुद्धी नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन ने की।
उद्घाटन के बाद खेले गए पहले मैच में आदित्य बिरला इंटर कॉलेज, रेनुसागर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) दुद्धी को 1-0 से पराजित किया। रेनुसागर की खिलाड़ी अंजली ने मैच का एकमात्र निर्णायक गोल दागकर टीम को रोमांचक जीत दिलाई। मैच का संचालन निर्णायक कप्तान यादव, संदीप और अशोक ने किया।
मुख्य अतिथि निशा सिंह ने महिला खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियों का इस स्तर पर भाग लेना गर्व की बात है। आज महिलाएं शिक्षा, खेल, विज्ञान, और अंतरिक्ष जैसे प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न खेल योजनाएं चला रही है, जिससे ग्रामीण स्तर पर भी महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में चेयरमैन कमलेश मोहन और श्रवण सिंह गोंड़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विजेता टीम के महिला खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके पूर्व मुख्य अतिथि निशा सिंह ने दोनों टीम के महिला खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तत्पश्चात सिक्का उछाल का टॉस किया गया जिसमें रेनू सागर की टीम ने टॉस जीता और पहले मैच खेलने का फैसला किया। इस अवसर पर रामेश्वर राय, वशिष्ठ जी, मनोज सिंह, राजेश्वर श्रीवास्तव, अर्चना सिंह, अविनाश गुप्ता, अभय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन आयोजक शिवशंकर प्रसाद ने किया। टूर्नामेंट सात दिनों तक चलेगा। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 12 नवम्बर, बुधवार को दोपहर 2 बजे आयोजित होगा ।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह