नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
13 दिसंबर को नेशनल लोक अदालत का आयोजन, लंबित मामलों के निष्पादन पर जोर
प्रधान जिला जज ने बैंक पदाधिकारियों को अविलंब नोटिस जारी करने का दिया निर्देश
हजारीबाग:झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार हजारीबाग के सिविल कोर्ट परिसर में 13 दिसंबर, 2025 को आयोजित होने वाली आगामी नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
सिविल कोर्ट परिसर स्थित न्याय सदन भवन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग, रंजीत कुमार ने की। बैठक में जिले के सभी बैंक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रधान जिला जज का निर्देश: प्रधान जिला जज रंजीत कुमार ने संबंधित सभी बैंक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि उनके बैंकों में जितने भी मामले लंबित हैं, उनमें पक्षकारों को अविलंब नोटिस भेजकर या मोबाइल पर सूचित कर मामलों के निष्पादन के लिए यथासंभव कार्रवाई करें। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि बैंकों को नियम संगत तरीके से उपभोक्ताओं के प्रति नरम रवैया अपनाते हुए लंबित मामलों का निष्पादन करना चाहिए, ताकि बैंक और उपभोक्ताओं के बीच मधुर संबंध स्थापित हो सकें।
बैठक का मुख्य उद्देश्य नेशनल लोक अदालत के माध्यम से ज्यादा-से-ज्यादा लंबित वादों का निष्पादन करना है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विद्युत मामलों के लिए विशेष लोक अदालत:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजली से संबंधित मामलों के निपटारे के लिए 29 नवंबर, 2025 को एक विशेष लोक अदालत का आयोजन भी किया जाएगा।
डीएलएसए सचिव की अपील: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौरव खुराना ने बताया कि नेशनल लोक अदालत को लेकर पक्षकारों को नोटिस भेजे जा रहे हैं और उनका प्रमुख लक्ष्य अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन करना है। उन्होंने पक्षकारों और संबंधित सभी विभाग के पदाधिकारियों से अपील की है कि आगामी नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने हेतु हर संभव प्रयास करें, ताकि जिलेवासियों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके।