फतेहगंज पश्चिमी के बूथ 328 पर कार्यकर्ताओं ने सुना प्रसारण

फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन, खेल जगत में भारत की सफलताओं और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की प्रगति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
पीएम मोदी ने खेलों में भारत की बढ़ती सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि हाल ही में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी मिलने की घोषणा देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देश के लोगों की उपलब्धियों और उनके सामूहिक प्रयासों को सामने लाने का एक सशक्त मंच बन चुका है।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को और मजबूत करने की अपील की। उन्होंने बताया कि हाल ही में जी-20 सम्मेलन के दौरान उन्होंने विश्व नेताओं को स्थानीय उत्पादों से बने उपहार भेंट किए, जिससे इस अभियान को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों ने भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर इस अभियान को और गति दी है। पीएम ने आगामी क्रिसमस पर भी स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की।
बूथ संख्या 328 पर सामूहिक श्रवण कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम फतेहगंज पश्चिमी स्थित डी.डी.एम. पब्लिक स्कूल के बूथ संख्या 328 पर भी सुना गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, मीरगंज विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा, संजय चौहान, मंडल अध्यक्ष कैलाश शर्मा, उमेंद्र सिंह चौहान, गौरव मिश्रा, मोनू सिंह, राजीव मिश्रा, वालेदिन पाल, सूरज राठौड़, प्रेमी शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली