न्याय की गुहार पर नहीं हुई सुनवाई, उल्टे पीड़िता के पति पर हुई कार्रवाई
घुघली, महराजगंज। 29 नवंबर 2025
ग्राम भरवालिया की रहने वाली अंगिरा देवी ने थाना घुघली में न्याय की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि उनकी शिकायत पर कार्रवाई होने के बजाय उनके पति को ही सजा दे दी गई। पीड़िता का कहना है कि वह 14 नवंबर को थाना घुघली पहुंची थीं और एक प्रार्थना पत्र देकर पूरी घटना की जानकारी थानाध्यक्ष को दी थी, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई है।
अंगिरा देवी ने अपने प्रार्थना पत्र में लिखा कि 13 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजे जब वह खेत में धान की पंजीया लगाने गई थीं, तभी गांव के तारा नामक व्यक्ति का पुत्र वहां पहुंचा और उन्हें अपशब्द कहने लगा। जब अंगिरा ने विरोध किया तो इसी बात पर तारा के पुत्र किशुन और शेषनाथ, उसकी पत्नी शुभावती और पुत्री शीतल हंसुआ लेकर मौके पर पहुंच गए।
अंगिरा का आरोप है कि सभी ने मिलकर उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान एक लड़के ने उनका कपड़ा खींच लिया, जिससे कपड़ा फट गया। किसी तरह जान बचाकर वह मौके से भाग निकलीं और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उल्टे उसके पति को ही सजा दे दी गई, जिससे परिवार त्रस्त है। अंगिरा देवी ने पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठते हुए लोगों ने कहा कि यदि पीड़ित को ही प्रताड़ित किया जाएगा तो न्याय की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
शैलेन्द्र प्रताप सिंह (इंडियन टीवी न्यूज रिपोर्टर)