सकीट (एटा)। सकीट क्षेत्र के पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय सकतपुर में मिशन शक्ति 6.0 के तहत दशहरा एवं डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय परंपराओं और धार्मिक संस्कृति की झलक दिखाई।
उत्सव की शुरुआत रामायण की झांकी से हुई। इसमें बच्चों ने भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान और माता दुर्गा के स्वरूप धारण किए। वहीं, दस सिर वाले रावण की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान खींचा।
इसके बाद छात्राओं ने रंग-बिरंगे परिधानों में डांडिया और गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। डांडिया स्टिक के साथ तालमेल बिठाकर किए गए नृत्य ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। विद्यालय में आयोजित इस उत्सव के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के महत्व से परिचित कराया गया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका अनुपमा द्विवेदी, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण और आंगनबाड़ी कार्यकत्री मौजूद रहीं।