ITN National

इंडियन टीवी न्यूज

रिहंद में बहाई जा रही अनपरा थर्मल प्लांट की राख

```

रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान (रोसा) की टीम ने किया दौरा, बेलवादह के ग्रामीणों से किया संवाद


 राखड बांध से डूब गए मकान व खेत

सोनभद्र/दुद्धी/अनपरा।अनपरा थर्मल पावर की राख सीधे बेलवादह में रिहंद डैम में बहाई जा रही है। जिसके चलते रिहंद डैम का पानी प्रदूषित हो रहा है। यह सुप्रीम कोर्ट की ईकाई नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेशों का खुला उल्लंघन है। इससे इस क्षेत्र में पर्यावरण का बड़ा संकट खड़ा होगा और पानी जहरीला होगा जिससे आम जन जीवन पर बेहद खतरनाक प्रभाव पड़ेगा। इसके खिलाफ शीध्र ही नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में याचिका दायर की जायेगी और जिलाधिकारी, प्रबंध निदेशक उत्पादन निगम और उत्तर प्रदेश सरकार को भी पत्रक भेजा जायेगा। यह बातें रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान की टीम ने बेलवादह के दौरे के बाद कही। टीम से बातचीत में ग्रामीणों ने बताया कि राखड बांध के बनने से उनके मकान और खेती की जमीन भी डूब गई है जिसका प्रशासन और प्रबंधन की तरफ से कोई मुआवजा भी नहीं मिला है। बेलवादह के डकहिया टोला के रमाशंकर बैसवार का घर डूब गया और वीरेंद्र गोंड, रामदुलारे गोंड समेत कई ग्रामीणों की खेती की जमीन डूब गई। टीम में आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर, रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान के संयोजक रामकृष्ण बैगा, पूर्वांचल सहसंयोजक रूबी सिंह गोंड, जिला प्रवक्ता इंद्रदेव खरवार और रोजगार अधिकार अभियान की संयोजक सविता गोंड, तेजधारी गुप्ता शामिल रहे।टीम ने कहा कि जबावदेह सरकार और कारपोरेट की संपत्ति पर टैक्स लगाकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के संवैधानिक अधिकारों की गारंटी करने के लिए जारी रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान (रोसा) के 10 सूत्रीय एजेंडा में प्राकृतिक संसाधनों की लूट पर रोक और पर्यावरण की रक्षा प्रमुख सवाल है। सोनभद्र जनपद में पर्यावरण का गहरा खतरा पैदा किया गया है। हाल ही में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश में भी यह कहा गया कि थर्मल पावर की ऐश रिंहद बांध में डालने और हवा में उड़ाने के कारण लोगों को लंग्स कैंसर, अस्थमा, अनिद्रा, मानसिक रोग आदि गंभीर बीमारियों का शिकार होना पड़ रहा है। कोर्ट सरकार को आदेश दिया है कि इन परिस्थितियों में एक सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल इस क्षेत्र में खोला जाए। इस संदर्भ में टीम ने मांग की है कि पूर्व में स्थापित डिबुलगंज सरकारी संयुक्त चिकित्सालय को समृद्ध कर एक सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में तब्दील किया जाए। इस बाबत भी उत्तर प्रदेश शासन को पत्र भेजा जायेगा। देर शाम नौजवानों की बैठक भी की गई जिसमें 1-2 नवंबर को वाराणसी में आयोजित नई पीढ़ी वर्कशाप में शामिल होने की अपील भी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *