सोनभद्र। विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश ने शनिवार को मेडिकल कॉलेज, सोनभद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी, जनरल एवं महिला वार्ड के साथ-साथ मेडिसिन विभाग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और उपचार व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को निर्देश दिया कि मरीजों की जरूरतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार किया जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि जनपद के मरीजों को सामान्य से लेकर आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के लिए दूसरे जनपदों का रुख न करना पड़े, बल्कि उन्हें मेडिकल कॉलेज में ही समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने को प्रशासन की प्राथमिकता बताया।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. शिशिर, सीएमएस डॉ. डी.के. सिंह सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।