इंडिया टीवी ब्यूरो चीफ राजेश मौर्य
कुशीनगर हाटा नगर के बाघनास्थित कृष्णा हॉस्पिटल को डिप्टी सीएमओ और तहसील के अधिकारियों ने सील कर दिया। पांच दिन पहले इस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई थी। कप्तानगंज निवासी 45 वर्षीय एजाज मोहम्मद छह दिसंबर को हाटा कस्बे के हरिटोला मोहल्ले में संचालित कृष्णा अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे। उनको बवासीर की परेशानी थी। तीमारदारों के अनुसार, डॉक्टर ने कहा कि दवा से ठीक नहीं होगा ऑपरेशन करना पड़ेगा। घर वाले राजी हो गए। छह दिसंबर की रात को ही एजाज के बवासीर ऑपरेशन डॉक्टर ने कर दिया।
आरोप है कि आपरेशन के बाद से ही मरीज की तबीयत खराब होने लगी। डॉक्टर घर वालों से बोला कि ऑपरेशन के बाद ऐसा होता है। ठीक हो जाएगा, घबराने की बात नहीं है। बीते रविवार की रात में मरीज की तबीयत और बिगड़ गई और वह अचेत हो गया। इसके बाद अस्पताल संचालक और उसके वर्कर अस्पताल छोड़कर फरार हो गए।
परिजन अपने निजी साधन से मरीज को लेकर गोरखपुर पहुंचे तो वहां बताया गया कि मरीज की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को डिप्टी सीएमआ डाॅ. राकेश कुमार, नायब तहसीलदार सुनील कुमार सिंह और प्रभारी चिकित्साधिकारी हाटा डाॅ. अजय सिंह ने कृष्णा हॉस्पिटल को सील कर दिया।