धरती आबा योजना से रोशन हुए गांव: जबेरा क्षेत्र में पात्र परिवारों को मिले निशुल्क बिजली कनेक्शन
सिंग्रामपुर/// शासन की जनकल्याणकारी योजनाएँ अब गांवों में सीधे असर दिखाने लगी हैं। धरती आबा जनजाति उत्कृष्ट योजना के तहत जबेरा विद्युत मंडल ने ग्राम पुरेनहाउ, पारना, लमतरा, पिपरिया और जमुनिया में पात्र हितग्राहियों को निशुल्क बिजली कनेक्शन प्रदान किए, जिससे जनजातीय परिवारों के घरों में लंबे समय बाद उजाला पहुंचा है। विभाग द्वारा लगाए गए इन कनेक्शनों में मीटर के साथ सर्विस लाइन, बोर्ड और बल्ब भी निःशुल्क उपलब्ध कराए गए, जिससे ग्रामीणों को किसी भी प्रकार का अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ा।
जबेरा विद्युत मंडल के अधिकारी महेश महतो ने बताया कि योजना के अंतर्गत कुल 29 निशुल्क कनेक्शन स्वीकृत हैं, जिनमें 18 विभागीय और 11 ऑनलाइन स्वीकृत लाभार्थी शामिल हैं। आज छह कनेक्शन दिए गए और विभाग की टीम कल शेष ग्रामों में कनेक्शन प्रदान करने के लिए पहुंचेगी, जिससे सभी पात्र परिवारों को जल्द सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों में इस योजना को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। पुरेनहाउ निवासी पूरन सिंह, महेश सिंह, श्रीराम सिंह और मदन ने बताया कि निशुल्क मीटर और बल्ब मिलने से वर्षों की परेशानी समाप्त हो गई है और उनके घर अब सचमुच रोशन हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर अब बड़ा राहत महसूस हो रही है।
कनेक्शन वितरण के दौरान जबेरा विद्युत मंडल से कनिष्ठ अभियंता महेश महतो, आशिक खान, दीपेश पटेल और ठेकेदार प्रिंस जैन उपस्थित रहे और लाभार्थियों को विधिवत कनेक्शन प्रदान किए।