नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश: पूरे जिले में चलेगा सघन वाहन चेकिंग अभियान
अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को सड़कों पर उतरने का आदेश, ब्रेथ एनालाइजर से होगी जांच
हजारीबाग। नए साल के जश्न में खलल डालने वाले हुड़दंगियों और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि नववर्ष के दौरान जिले में ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। इसके लिए पूरे जिले में व्यापक स्तर पर वाहन चेकिंग अभियान चलाने का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है।
सड़क दुर्घटनाओं और हुड़दंग पर नकेल की तैयारी
अक्सर देखा जाता है कि नए साल के उत्साह में कुछ लोग नशे का सेवन कर अनियंत्रित तरीके से वाहन चलाते हैं, जिससे न केवल गंभीर सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, बल्कि आम नागरिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उपायुक्त ने कहा कि ऐसी स्थितियों से निपटने और जिले की विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
थाना प्रभारियों और सीओ को मिली जिम्मेदारी
प्रशासनिक आदेश के अनुसार, सभी अंचल अधिकारियों (CO) को निर्देश दिया गया है कि वे अपने संबंधित थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रमुख चौक-चौराहों और पिकनिक स्पॉट के रास्तों पर चेकिंग पोस्ट लगाएं। चेकिंग के दौरान यदि कोई भी चालक नशे की हालत में पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई निगरानी
अभियान की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) सदर एवं बरही को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत पर्यवेक्षण का जिम्मा दिया गया है। वहीं, जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) पूरे जिले में चल रहे इस विशेष अभियान की मॉनिटरिंग करेंगे।
प्रशासन की अपील: सुरक्षित मनाएं जश्न
आम नागरिक यातायात नियमों का पालन करें। नशा कर वाहन न चलाएं और सुरक्षित व शांतिपूर्ण तरीके से नववर्ष का आनंद लें। प्रशासन का सहयोग करें ताकि किसी की खुशी मातम में न बदले।”