फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। शीतलहर के बढ़ते प्रकोप और कड़ाके की ठंड से आम जनमानस को राहत पहुंचाने के लिए मीरगंज प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। मीरगंज एसडीएम आलोक कुमार के निर्देशन में सोमवार रात फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में प्रशासनिक टीम द्वारा राहत कार्य चलाया गया।
इस दौरान तहसीलदार आशीष कुमार एवं लेखपाल आदित्य कुमार ने गरीब, असहाय और बेसहारा लोगों को कंबल वितरित किए। साथ ही तहसीलदार आशीष कुमार ने कस्बे में स्थित रैन बसेरा (रंग बसेरा) का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान रैन बसेरा में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैन बसेरा में ठहरने वाले लोगों के लिए नहाने हेतु गर्म पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश केयर टेकर को दिए।
तहसीलदार आशीष कुमार ने बताया कि शीतलहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कस्बे एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार राहत कार्य चलाए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा लेखपालों के माध्यम से जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जा रहे हैं, जिससे ठंड से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिल रही है। उन्होंने बताया कि मीरगंज प्रशासन की ओर से आगामी दिनों में भी कंबल वितरण एवं अलाव की व्यवस्था निरंतर जारी रहेगी।
प्रशासन की इस मानवीय पहल से क्षेत्र के गरीब और बेसहारा लोगों ने राहत की सांस ली है।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली