फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह घने कोहरे के दौरान एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शंका पुल के पास एनएचएआई द्वारा एक कट बंद किए जाने के कारण गलत दिशा से आ रहे एक छोटे हाथी, एक रोडवेज बस और एक कार की आपस में टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए।
यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, डेलापीर मंडी से सब्जी लादकर आ रहा एक छोटा हाथी (मिनी ट्रक) शंका पुल के पास बंद कट के कारण एएनए रोड पर जाने के लिए झुमका चौराहे से गलत दिशा में आ रहा था। घने कोहरे के कारण सामने से आ रही रामपुर से बरेली जा रही रोडवेज बस से उसकी सीधी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे बस के पीछे आ रही एक कार भी उसमें जा घुसी। यह कार अजमेर से शाहजहांपुर जा रही थी। हादसे में छोटे हाथी में सवार सब्जी व्यापारी महेश पाल के साथ-साथ अजमेर निवासी राजकुमार रावत, महेंद्र सिंह रावत, अमर सिंह और रंजीत सहित कुल चार लोग चोटिल हो गए।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली