राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा आगामी 19 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले 5वें प्रांतीय कार्यकारिणी सम्मेलन एवं जबलपुर संभागीय महासम्मेलन की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। प्रदेशभर के पत्रकारों को एक मंच पर एकजुट करने वाले इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर संघ के पदाधिकारी लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
इसी कड़ी में शुक्रवार को संघ की जिला इकाई कटनी के प्रतिनिधिमंडल ने विजयराघवगढ़ विधायक एवं पूर्व मंत्री संजय सत्येंद्र पाठक से उनके निवास पर सौजन्य भेंट कर उन्हें महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने महासम्मेलन की रूपरेखा, उद्देश्य और प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले पत्रकारों की सहभागिता की जानकारी साझा की। साथ ही पत्रकार सुरक्षा, डिजिटल मीडिया की चुनौतियां, पत्रकार कल्याण योजनाएं और मीडिया की बदलती भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई।
पूर्व मंत्री संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकार समाज और शासन-प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाते हैं। उन्होंने पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सहयोग का भरोसा जताते हुए महासम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि 19 जुलाई का यह आयोजन पत्रकारों के बीच संवाद, समन्वय और विचार-विमर्श का बड़ा मंच साबित होगा। सम्मेलन में पत्रकार सुरक्षा कानून, पत्रकार कल्याण, डिजिटल पत्रकारिता और संगठन विस्तार सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि संजय सत्येंद्र पाठक की उपस्थिति से कार्यक्रम को नई ऊर्जा और व्यापक पहचान मिलेगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र राजपूत, महासचिव अज्जू सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष अनंत राम गुप्ता, सजल साँधेलिया, रश्मि राय, सुरेश उसरेठे, लूनेश्वर पुरी, सुखचैन पटेल, संतोष तोमर, कृष्णा पटेल सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
महासम्मेलन को सफल बनाने के लिए संगठन द्वारा प्रदेशभर में संपर्क अभियान जारी है और पत्रकार एकता को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।