मेडिकल कॉलेज और एआरटीओ कार्यालय में दलालों की सक्रियता की शिकायत डीएम तक लगातार पहुंची। अब डीएम ने दोनों कार्यालयों पर नजर रखने के लिए एक टीम बनाई है। शुक्रवार को कसया में एसडीएम रहे आशुतोष कुमार और जिला क्रीड़ा अधिकारी रवि निषाद मेडिकल कॉलेज और एआरटीओ कार्यालय पर पहुंचे। संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने के बाद कार्यालयों की गतिविधियों की जानकारी ली, लेकिन कोई दलाल नहीं मिला।
मेडिकल कॉलेज और एआरटीओ कार्यालय पर आने वाले लोग दलालों के चंगुल में फंस जाते हैं, ऐसे में इनका काफी नुकसान होता है। एआरटीओ कार्यालय के अधिकतर काउंटरों पर दलालों के बैठकर काम करने की शिकायत डीएम तक पहुंची थी। डीएम ने एसडीएम आशुतोष कुमार और जिला क्रीड़ा अधिकारी को संयुक्त रूप से इसकी जांच करने का निर्देश दिया।
दोपहर में दोनों अधिकारी पहले मेडिकल कॉलेज पहुंचे। एसएनसीयू वार्ड के अलावा इमरजेंसी में पहुंचकर जांच किया, वहां मौजूद लोगों के बारे में जानकारी लेने के बाद वार्ड में दाखिल होने वाले मरीज या उसके साथ के लोगों से जुड़ी जानकारी गार्डों से लिया।
सीसीटीवी कैमरा चल रहा है या नहीं इसकी भी जांच की। इसके बाद टीम एआरटीओ कार्यालय पर पहुंची, जहां मौजूद लोगों से पूछताछ किया, इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे की जांच कर जिम्मेदारों को निर्देश दिया कि किसी भी कीमत पर दलालों की सक्रियता नहीं दिखनी चाहिए। एसडीएम आशुतोष कुमार ने बताया कि दोनों जगह दलालों की सक्रियता की शिकायत मिली है। इसकी जांच किया गया, लेकिन कोई मिला नहीं। जिम्मेदारों को चेतावनी दी गई।