कंकरघाट पर पिचिन निर्माण कर रही ठेका कंपनी पर अवैध उत्खनन कार्यवाही की मांग, भाजपा मंडल अध्यक्ष ने भाजपा पदाधिकारीयों के साथ खनिज अधिकारी को दिया शिकायती पत्र
राजेंद्र धाकड़ जिला ब्यूरो चीफ नर्मदापुरम
नर्मदापुरम। सर्किट हाउस के पीछे स्थित कंकर घाट पर पिचिन निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस पिचिन का निर्माण कर रही भोपाल की एससी नागपाल कंपनी कंकर घाट की पत्थर बजरी खोदकर अवैध उत्खनन कर रही है और पिचिन निर्माण कार्य में यहां की कंकर बजरी का उपयोग किया जा रहा है। निर्माण कंपनी द्वारा किए जा रहे इस अवैध उत्खनन की शिकायत भाजपा मंडल अध्यक्ष रूपेश राजपूत ने सोमवार को जिला खनिज अधिकारी को शिकायती पत्र देकर ठेकेदार पर कार्यवाही की मांग की है। इस दौरान मशीनों से हो रहे अवैध उत्खनन के वीडियो और फोटोग्राफ्स भी जिला खनिज अधिकारी को दिए है। मंडल अध्यक्ष के साथ पूर्व नपाध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल, भाजपा पूर्व नगरमंत्री मनीष परदेशी, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सुंदरम अग्रवाल भी मौजूद रहे। भाजपा मंडल अध्यक्ष रूपेश राजपूत ने बताया कि कंकर घाट का प्राकृतिक स्वरूप लुड़िया पत्थरों से बना हुआ है इस घाट के पत्थर बाढ़ का पानी भी शहर में घुसने से रोकते है लेकिन इस प्राकृतिक स्वरूप को पिचिन निर्माण कर रहे ठेकेदार द्वारा सरे आम मशीनों से माँ नर्मदा का किनारा खोदकर अवैध उत्खनन किया जा रहा है जबकि शासन द्वारा नर्मदा नदी में मशीनों से उत्खनन पर प्रतिबंध है। वहीं जिला खनिज अधिकारी ने भी इस मामले की जांच कराकर पिचिन निर्माण एजेंसी पर अवैध उत्खनन की कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।