राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी – मध्य प्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल योजना के अंतर्गत कटनी जिले में पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्रदान करने हेतु कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर 31 जनवरी तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जिला श्रम पदाधिकारी के बी मिश्रा ने बताया कि मध्य प्रदेश भवन एवं संनिर्माण कर्मकार मंडल योजना अंतर्गत पंजीकृत श्रमिक एवं उनके परिवार के सदस्य अपनी समग्र आईडी, मजदूरी श्रम कार्ड, आधार कार्ड के साथ में उपस्थित होकर जिला अस्पताल कटनी, सिविल अस्पताल विजयराघवगढ एवं बरही, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रीठी, बहोरीबंद, पान उमरिया, पहाडी एवं बडवारा, ग्रामीण क्षेत्रों में उपस्वास्थ्य केन्द्रों के अंतर्गत कम्युनिटि हेल्थ आफीसर (सीएचओ) एवं ग्राम रोजगार सहायक, प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत कार्यरत आशा कार्यकर्ता के माध्यम से आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
जिला श्रम पदाधिकारी मिश्रा ने इस विशेष अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों से आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की है।।