210 मरीजों की जाँच, 17 का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन होगा
कटनी//कैमोर। कर्मयोगी पं. सत्येन्द्र पाठक की स्मृति में कैमोर नगर परिषद के सहयोग से एक विशाल निःशुल्क नेत्र जाँच एवं मोतियाबिंद शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 210 मरीजों की नेत्र जाँच की गई, जिनमें से 56 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। चश्मों का वितरण नगर परिषद अध्यक्ष पालक नमित ग्रोवर द्वारा किया गया।नेत्र परीक्षण के उपरांत 17 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चयनित किया गया है, जिनका निःशुल्क ऑपरेशन सुखसागर मेडिकल कॉलेज, जबलपुर में किया जाएगा।
यह शिविर राहत हेल्थ विज़न मिशन के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसके तहत अब तक 700 से अधिक निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक कराए जा चुके हैं। शिविर का आयोजन एवं संचालन राहत समर्पण सेवा समिति एवं ममता आई केयर क्लिनिक के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम को क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ। शिविर में नगर परिषद कैमोर की अध्यक्ष पालक नमित ग्रोवर, उपाध्यक्ष संतोष केवट, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मनीषा पप्पू शर्मा, सीएमओ मनीष परते, पृथ्वीराज, राहत समर्पण सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. शारदा प्रसाद साहू, कृतिक तिवारी, विक्रम यादव सहित नगर परिषद के पार्षदगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।